रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 11 दिसंबर को एक साथ 4 पेट्रोल पंप पर हुई लूट की वारदात में शामिल नाबालिग आरोपी ने सोमवार को रेवाड़ी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एक और आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
11 दिसंबर की रात बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए बदमाशों ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निखरी के पास 4 पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात की थी। लूट की वारदात के दौरान आरोपियों ने फायरिंग भी की थी। पुलिस ने चारों पेट्रोल पंप संचालकों की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। 17 दिसंबर को पुलिस ने जिला झज्जर के गांव जगतपुरा के रहने वाले अजय उर्फ मोटा, जिला महेंद्रगढ़ के गांव मोहनपुर के रहने वाले विकास व सोनीपत के गांव खरखौदा के रहने वाले रोहित जांगड़ा को गिरफ्तार किया था। एक सप्ताह बाद पुलिस ने चौथे आरोपी वासु को गिरफ्तार किया था। वारदात में शामिल दो आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की बढ़ती दबिश के चलते वारदात में शामिल नाबालिग आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस अदालत में पहुंची। कोर्ट ने नाबालिग को बाल सुधार गृह में भेज दिया। वारदात में प्रयोग की गई कार आरोपियों से बरामद हो चुकी है। ये कार राजस्थान से छीनी गई थी।