रेवाड़ी। धारूहेड़ा-रेवाड़ी-बावल मैट्रो परियोजना को लेकर रविवार को जिले की संस्थाएं एक साथ एक मंच पर नजर आईं। 100 से ज्यादा संगठनों के पदाधिकारी और नागरिकों ने इस बैठक में भाग लिया। हरियाणा सरकार रेवाड़ी की भावनाओं का पूरा सम्मान करेगी। यह मजबूत भरोसा देकर कोसली विधायक लक्ष्मण यादव, हरियाणा टूरिज्म चेयरमैन अरविंद यादव व पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने इसे सही समय पर सही कदम बताया। हरियाणा कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल कार्यक्रम में ज्यादा व्यस्त होने की वजह से नहीं पहुंच पाए, लेकिन विश्वास दिलाया कि यह जनमत की आवाज है। सरकार भी इसका पूरा मान रखेगी। मैट्रो बावल तक आए। इसकी पुरजोर वकालत में कमी नहीं छोड़ेंगे। सरकार सकारात्मक मसलों का हमेशा से ही सम्मान करती रही है। इस अवसर पर सर्वसम्मति से एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया। यह कमेटी जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में मुख्यमंत्री मनोहरलाल से मुलाकात कर मैट्रो को धारूहेड़ा की बजाय रेवाड़ी-बावल तक पहले फेज में पूरा करने की योजना को पूरा करवाने की मांग को रखेगी। करीब तीन घंटे तक बैठक चली।
धारूहेड़ा तक रोक देना तर्कसंगत सही नहीं
नेताओं ने कहा कि ऐसे में जब सारी प्रक्रिया बावल तक पूरी कर ली गई हैं तो पहले फेज में मैट्रो को धारूहेड़ा तक रोक देना किसी सूरत में तर्कसंगत सही नहीं है। हम मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाएंगे। हमारी सरकार हमेशा से ही जनभावनाओं का सम्मान करती रही है। सरकार इस सही मांग को हर हालत में पूरा करेगी। पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने कहा कि जब-जब हमारा इलाका अपने हक की आवाज में खड़ा हुआ है उस सफलता मिली है। इस प्रोजेक्ट को बावल तक पूरा करने की मांग को स्वीकृत कराएंगे।
यह संस्थाएं रही मौजूद
शहर में राजनीतिक, सामाजिक कार्यक्रम ज्यादा होने के बावजूद इस आयोजन में संगठनों की मौजूदगी सराहनीय रही। इसमें विशेष तौर से सेक्टर की आरडब्ल्यूए 1,3, 4, रोटरी क्लब, आरसीसीआईबार एसोसिएशन रेवाड़ी, आईएमए रेवाड़ी, बार एसोसिएशन बावल, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ, बीएमजी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स आदि संस्थाएं मौजूद रहीं।