संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मंगलवार को गांव खोरी के पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने मतदान को लेकर शानदार नाटक की प्रस्तुति दी। स्कूली बच्चों से आह्वान किया गया कि वे अपने माता-पिता को इस बात के लिए प्रेरित करें कि वे 5 अक्तूबर को अपने मत का प्रयोग अवश्य करें।
गांव की सरपंच रेखा ने अपील करते हुए कहा कि सभी ग्रामवासी बिना लोभ लालच के अपना मतदान अवश्य करें।स्कूल प्राचार्य ब्रह्म प्रकाश यादव ने कहा कि आज के विद्यार्थी कल का भविष्य है। उन्हें इस बात का एहसास करवाना बेहद अहम है कि लोकतंत्र में चुनाव का कितना महत्व होता है। प्राध्यापिका ज्योत्सना ने बताया कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करनावास के विद्यार्थियों द्वारा अभी तक माजरा, खोल, भालखी, बलवाडी, खोरी, भर व नगर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक किये जा चुके हैं। सतीश मस्तान के निर्देशन में बच्चे नाटक के द्वारा स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) अभियान के तहत आमजन को वोट डालने के लिए प्रेरित व जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्कूल के बच्चे किशन, संजना, स्वीटी, एकता, कोमल ,वंदना, निशिका, रिया, चंचल नाटक द्वारा मतदान करने का संकल्प दिल रहे हैं।इस अवसर पर स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में समाजसेवी सतबीर सिंह, पंच इंदु, रेखा, निर्मला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।