रेवाड़ी। प्रशासन की पहल पर स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को बावल खंड के चार गांवों में सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। यह विशेष स्वच्छता अभियान 15 अगस्त चलेगा।
विशेष स्वच्छता अभियान के तहत शुक्रवार को बावल खंड के गांव रामसिंहपुरा, नांगल उगरा, बधराना, सूबासेड़ी आदि में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सीईओ जिला परिषद एवं एसडीएम रेवाड़ी विकास यादव ने कहा कि वर्तमान समय में स्वच्छता हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है। यह समय देश के लिए बदलाव का समय है। बदलाव के इस दौर में यदि हम स्वच्छता के क्षेत्र में पीछे रह गए तो आर्थिक उन्नति का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। हमें इसे एक बड़े स्तर पर भी देखने की जरूरत है ताकि हमारे पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके। साफ-सफाई केवल सफाई कर्मचारियों की ही जिम्मेदारी नहीं है, यह हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर और गांवों को साफ और सुरक्षित रखें। विशेष स्वच्छता अभियान के तहत प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को हैंड वॉश प्रक्रिया के बारे में हाथ कैसे धोएं, कब-कब धोएं बारे जानकारी देने के साथ-साथ विद्यालयों में शौचालयों सहित विद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने व हाथ धोने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।