संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। आईयूटीयूसी एवं स्कीम वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का एक प्रतिनिधिमंडल जिला सचिव संतोष के नेतृत्व में सीएमओ से मिला। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं का अगस्त व सितंबर 2023 का मानदेय नहीं मिलने को लेकर ज्ञापन दिया।
यूनियन की जिला सचिव संतोष ने बताया कि पिछले दो माह से मानदेय नहीं मिलने से आशा कार्यकर्ता बेहद आर्थिक संकट में है। सरकार ने सभी आशा कर्मियों का मानदेय रोककर आशा कर्मियों को भारी निराश व हतोत्साहित किया है। अब जब सरकार ने अगस्त व सितंबर माह का मानदेय देने की बात कही है तब भी पिछले दो माह का मानदेय व प्रोत्साहन राशि का एक पैसा भी नहीं मिला। केवल कुछ पीएचसी में अगस्त माह की प्रोत्साहन राशि का ही पैसा दिया है। पिछले एक महीने से विभाग आशा एप की साईट की रिपेयरिंग की बात कर रहा है। अगर एक महीने साईट ठीक नहीं होगी तो कैसे काम चलेगा। उन्होंने सरकार व प्रशासन से अपील की है कि सभी आशा कर्मियों का दो महीने का मानदेय व प्रोत्साहन राशी का पैसा अतिशीघ्र जारी किया जाए ताकि आशा कार्यकर्ता आर्थिक संकट से उभर सके। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपप्रधान विजय लक्ष्मी मंदौला, भावना खोल, कोषाध्यक्ष सोनू शर्मा बवाना गुर्जर, जाटूसाना पीएचसी प्रधान अनिता नैनसुख पुरा, कान्ता जाटूसाना व ललता कालाका आदि शामिल थी।