खरखड़ा के मास्टर महाबीर सिंह को मिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान
धारूहेड़ा। गांव खरखड़ा निवासी मास्टर महाबीर सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के साथ रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा में योगदान के लिए श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। रविवार को बाल भवन के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। केंद्रीय आर्य युवक परिषद रेवाड़ी एवं पतंजलि परिवार रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मास्टर महाबीर सिंह ने शैक्षणिक कार्यों के साथ समाजहित में किए गए विभिन्न कार्यों की प्रोफाइल श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समिति के समक्ष प्रस्तुत की थी। समिति ने उनके कार्यों का मूल्यांकन करने के बाद सम्मान के लिए उनके नाम की संस्तुति की। ग्रामीणों ने मास्टर महाबीर सिंह को बधाई दी। संवाद