रेवाड़ी। शहर के मॉडल टाउन निवासी एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। अंबाला जिले के शहजादपुर निवासी करीब 45 वर्षीय कविता की शादी मॉडल टाउन निवासी अनिल के साथ वर्ष 1995 में हुआ था। वीरवार रात को कविता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। सुबह उसे लटका देख पुलिस को सूचना दी गई। महिला के भाई हरीश कालरा ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या की गई है। उसने बताया कि वीरवार की देर रात उन्हें अनिल कुमार के पड़ोसियों ने सूचना दी की उनकी बहन की तबीयत खराब है। अनिल कुमार के परिवार ने इसकी कोई सूचना उन्हें नहीं दी, जबकि उनकी बहन की अपनी बहनों से दिन में बातचीत भी हुई थी। सुबह साढ़े 5 बजे रेवाड़ी पहुंचे। उन्हें कविता के ससुराल वालों ने बताया कि उसने आत्महत्या कर ली। हरीश का आरोप है कि उनकी बहन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरीश ने बताया कि उसकी बहन कविता के दो बच्चे एक लड़का और लड़की है। अनिल कुमार रेलवे रोड पर दुकान चलाता है।