रेवाड़ी। डीजीपी (पुलिस सुधार) शील मधुर की अध्यक्षता में जनता-पुलिस के बीच शुक्रवार की शाम पुलिस लाइन में समन्वय बनाने के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीजीपी जनता से रूबरू हुए और उन्हें ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत की स्टेटस रिपोर्ट नहीं मिलती। इसके लिए पब्लिक को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पडते हैं, जिससे अनावश्यक समय ही बर्बाद होता है। उन्हाेंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने पर पीड़ित की मेल आईडी व मोबाइल फोन पर प्रोग्रेस रिपोर्ट के बारे में लगातार जानकारी मिलती रहेगी। पुलिस महानिदेशक शील मुधर नेे इससे पहले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक भी ली। इसमें उन्होंने जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध की रोकथाम के लिए भी कदम उठाएं जा रहे हैं। इसी कार्यक्रम के माध्यम से अब हर गांव में पुलिस पब्लिक कमेटी होगी। डीजीपी ने बताया कि थाने का बीट अधिकारी अपने अंतर्गत आने वाले गांवों की कमेटियों से नियमित मिलेगा तथा उनसे की गई चर्चा विषयों को थाने की नोट बुक में दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के काम में पारदर्शिता लाने के साथ ही उन्हें मानसिक रूप से तनाव रहित करने की भी योजना तैयार की जा चुकी है। इसके लिए थानों में ही पुलिस कर्मियों के लिए योग व खेलों का माहौल तैयार किया जा रहा है। सभा थानों में वालीबॉल खेलने के प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरूआत नारनौल से की गई थी। डीजीपी ने कहा कि इसके लिए वे खुद सभी थानों का निरीक्षण भी करेंगे। बैठक में दक्षिण मंडल रेवाड़ी की आईजी ममता सिंह, एसपी मनबीर सिंह, डीएसपी वीरेंद्र सिंह सैनी, शाकिर हुसैन, डीएसपी सतपाल यादव, सभी थाना प्रभारी तथा पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।