संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा (रेवाड़ी)। धारूहेड़ा थाना के अंतर्गत गांव ढाकिया में वीरवार की रात शिव मंदिर के महंत की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महंत के साथ बैठकर शराब पीते समय झगड़ा होने पर आरोपियों ने महंत के सिर पर वार किया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
बता दें कि बुजुर्ग महंत बलबीर नाथ गांव के प्राचीन मंदिर में कई वर्षों से रह रहा था। शुक्रवार सुबह गांव के लोग मंदिर में पहुंचे तो महंत मृतावस्था में मिला था। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया था। महंत के सिर पर चोट के निशान होने के कारण ग्रामीणों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू की थी।
पुलिस ने वारदात को सुलझाते हुए गांव के ही कुलदीप और हरिओम को गिरफ्तार किया है। एसएचओ धारूहेड़ा प्रहलाद सिंह ने बताया कि दोनों ने महंत के साथ बैठकर शराब का सेवन किया था। इसके बाद किसी बात को लेकर उनका महंत से झगड़ा हो गया। झगड़े में इन लोगों ने उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे महंत की मौत हो गई। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।