शहर थाना पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह जिले के गांव रामनगर खोरी कलां निवासी तौफीक उर्फ मुल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गुमीणा निवासी अर्जुन गुरुग्राम में एक केटरिंग सर्विस में अकाउंटेंट का काम करता है। 15 जनवरी 2018 को शाम के समय ड्यूटी से अपने घर जा रहा था। शहर के नाईवाली चौक से घर जाने के लिए लिए एक इको कार में बैठ लिया, जिसमें ड्राइवर समेत चार आदमी पहले ही बैठे हुए थे। रेवाड़ी से निकलते ही पीछे बैठे व्यक्ति ने कट्टा दिखाकर अर्जुन की जेब से 1500 रुपये, मोबाइल फोन तथा एटीएम कार्ड छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने 30 हजार रुपये मंगवाने के लिए मारपीट करने लगे। इसके बाद अर्जुन ने अपनी कंपनी के अकाउंट से रुपये ट्रांसफर करवाकर बदमाशों को दिए। पुलिस ने अर्जुन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करके मामले में तीन आरोपियों हरकेश, अनमोल व अमित बैंसला को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी तौफीक उर्फ मुल्ला को पुलिस ने मंगलवार शाम को गिरफ्तार किया है।