कोसली। श्री शिव शक्ति सेवा समिति कोसली के तत्वावधान में 21 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ और श्री शिव महापुराण कथा का आगाज शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। 5100 कलशों को अपने सिर पर धारण कर बैंड-बाजे तथा डीजे पर भजनों के बीच महिलाओं की ओर से निकाली गई कलश यात्रा से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। कार्यक्रम का आगाज 21 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ के साथ किया गया, जिसमें कार्यक्रम आयोजक तथा कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अपनी धर्मपत्नी सविता यादव के साथ बतौर मुख्य यजमान हिस्सा लेकर यज्ञ में आहुति दी। इसके बाद स्थानीय प्राचीन शिव मंदिर से ब्रज की विख्यात झांकियों के साथ कलश यात्रा शुरू की गई। कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने स्वयं अपने सिर पर शिव महापुराण को धारण किया और स्वयं कलश यात्रा की अगुवाई की। ढोल-बाजों तथा डीजे के भजनों पर नृत्य करते व झूमते श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा कोसली के विभिन्न बाजारों से होती हुई कथा आयोजन स्थल अनाज मंडी पहुंची। कई स्थानों पर कलश यात्रा का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। श्रद्धालु महिलाओं के हुजूम के साथ निकाली गई कलशयात्रा से क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो गया।
शिव महापुराण कथा की विशेष पूजा अर्चना की
कथा आयोजन स्थल पहुंचने पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने राष्ट्रीय संत और कथावाचक पंडित रामगोपाल महाराज के साथ शिव महापुराण कथा की विशेष पूजा अर्चना की। इस मौके पर कोसली विधायक ने कहा कि शूरवीरों व सैनिकों की इस धरती पर 10 मार्च तक श्री शिव महापुराण कथा के माध्यम से भगवान शिव की कृपया बरसने वाली है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में इस अवसर पर लाभ उठाते हुए धर्म लाभ कमाएं। कहा कि सवा लाख पंचमुखी रुद्राक्ष शिवलिंग दर्शन अपने आप में एक तीर्थ के समान है। ब्रज के कलाकारों की विशेष झांकियां के माध्यम से विभिन्न महोत्सव की छटा भी देखने लायक होगी।