संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा बस स्टैंड से कुछ दूरी पर दो महिलाओं ने राजस्थान की एक महिला को नोटों की गड्डी दिखाकर उसके जेवरात और मोबाइल फोन ठग लिए। पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के पदमाड़ा खुर्द की रहने वाली शिवानी किसी काम से बस से बहरोड़ से धारूहेड़ा आई थीं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह बस से उतरकर पैदल चलने लगीं तो दो महिलाओं ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इन महिलाओं ने उन्हें नोटों की गड्डियां दिखाईं तो वह लालच में आ गई। दोनों महिलाएं उन्हें पार्किंग में ले गईं। वहां दोनों महिलाओं ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर उसका सोने का मंगलसूत्र, कानों के टॅप्स व मोबाइल फोन रूमाल में लपेट लिए। इसके बाद उन्होंने एक रूमाल उनके बैग में रख दिया। महिलाओं के जाने के बाद रूमाल खोलकर देखा तो उसमें मिट्टी और कागज के टुकड़े मिले। पुलिस ने महिला की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी।