संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की वारदात निरंतर बढ़ती जा रही है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार देर रात जिले के गांव ढोकिया में तीन चोर घर की दीवार फांदकर रिटायर्ड रेलवे कर्मी के घर में घुस गए और लाखों के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने दरवाजे को रस्सी से बांध दिया था। घर में सोए लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी।
गांव ढोकिया निवासी छोटेलाल ने बताया कि वह रेलवे से सेवानिवृत्त हैं और घर में मरम्मत कराने के किए कुछ रुपये बैंक से निकलवाए थे, लेकिन अज्ञात चोर रुपयों के साथ-साथ घर में रखे पुश्तैनी जेवरात भी चोरी कर ले गए। बताया कि वह अपने परिवार के साथ सोए थे। देर रात घर में दीवार फांदकर चोर प्रवेश कर गए और घर में रखे लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। करीब 20 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण और 180000 रुपये नकद चोरी हुई है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गए हैं। फुटेज में नजर आ रहा है कि तीन नकाबपोश लाठी डंडों से लैस चोरी की और सामान एक पोटली में ले गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने घर का मौका मुआयना करने के बाद एफएसएल एक्सपर्ट टीम को बुलाया। चोरी का माला दर्ज करने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।