रेवाड़ी। अवैध अहाते में लोग पी रहे शराब। स्रोत : वीडियो ग्रैप
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे से सटे दो अलग-अलग क्षेत्रों में होटल की आड़ में अवैध रूप से चल रहे अहातों की जांच की गई। सीएम फ्लाइंग की टीम की कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी साथ रही। दोनों स्थानों पर लोग शराब पीते हुए पाए गए।
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर मोतीराम ने बताया कि सीएम फ्लाइंग टीम के एएसआई सचिन कुमार और मनोज कुमार ने मिलकर पहले बावल के नैचाना कट पर चल रहे होटल एचआर-81 पर रेड की। होटल में देखा तो शराब पिलाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान शराब पीने वाले लोग चुपके से खिसक गए। होटल में रणसिंह माजरी निवासी प्रदीप को पकड़ा गया। प्रदीप इसे अवैध अहाते के तौर पर चला रहा था। इसके खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने बावल थाना में केस दर्ज कराया है।
दूसरी तरफ सीएम फ्लाइंग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कसौला चौक के एक होटल पर छापा मारा। यहां कुर्सियों पर बैठकर लोग शराब पी रहे थे। होटल में मौजूद कारीगर आस मोहम्मद से पूछताछ करने पर पता चला कि इस अवैध अहाते को गांव बगथला निवासी मोनू यादव चला रहा था। मोनू यादव के खिलाफ कसौला थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है।