फोटो: 32रेवाड़ी। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी को लेकर प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गणतंत्र दिवस समारोह में रेवाड़ी में ध्वजारोहण करेंगे। स्थानीय राव तुलाराम स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वीरवार को उपायुक्त अभिषेक मीणा ने तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता व अन्य अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कहा कि 26 जनवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे राव तुलाराम स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में तिरंगा फहराएंगे। तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा आमजन को सम्बोधित किया जाएगा। संबोधन के बाद मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति दी जाएगी।