व्याख्यान के दौरान एक मंच पर आए विद्यार्थी व शिक्षक। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग की तरफ से नव भारतीय संहिता और कॉर्पोरेट जगत में उसका महत्व विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. कुसुम यादव ने भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कॉर्पोरेट जगत में इसके प्रावधानों की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। नई संहिताएं भारतीय न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सरल एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट क्षेत्र में कानून की भूमिका, साइबर अपराध, कॉर्पोरेट धोखाधड़ी, अनुबंध संबंधी विवाद तथा कर्मचारियों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में यातिन, तमन्ना, रिया, तनुज, करिश्मा, मन्नू, सचिन एवं मोनिका की विशेष भूमिका रही। मंच का संचालन छात्रा रिया द्वारा किया गया।