सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाया गया स्टॉल। स्रोत : प्रशासन
धारूहेड़ा। सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को धारूहेड़ा नगर पालिका में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकारी सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनकी पात्रता संबंधी जानकारी दी गई। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराना है। शिविर में लोगों को योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई और पंजीकरण भी किए गए। उन्होंने बताया कि शिविर में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, स्वरोजगार, कौशल विकास और ऋण सुविधा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस पहल से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में सहायता मिलेगी।