रेवाड़ी। जिले के खंड बावल, डहीना, धारूहेड़ा, जाटूसाना, खोल, नाहड़ व रेवाड़ी सहित कुल 57 गांवों में रिक्त हुए पंचायत समिति सदस्य, सरपंच व पंच पदों के उपचुनाव के लिए मंगलवार को प्राप्त नामांकनों में छंटनी प्रक्रिया की गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) राजेंद्र जांगू ने बताया कि पंच पद के लिए जिला रेवाड़ी के खंड बावल, डहीना, धारूहेड़ा, जाटूसाना, खोल, नाहड़ व रेवाड़ी में कुल 101 नामांकन प्राप्त किए गए थे। नामांकन पत्रों की छंटनी में डहीना खंड के गोठड़ा टप्पा डहीना गांव के वार्ड नं. 4 से पंच पद के 2 नामांकन रद्द किए गए हैं। वहीं उम्मीदवार बुधवार को शाम 3 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। चुनाव चिह्न बुधवार 28 जून को 3 बजे बाद आवंटित किए जाएंगे। चुनाव चिह्न आवंटन के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। संवाद