रेवाड़ी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अब क्लब फुट व चलने-फिरने में देरी, मुंह से लार गिरने व हाथ-पैरों में अकड़न से संबंधित बच्चों के लिए नागरिक अस्पताल में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसे लेकर पहला कैंप मई के प्रथम शुक्रवार को ट्रॉमा सेंटर की फिजियो ओपीडी में लगेगा।
सिविल अस्पताल में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. निशा तिगड़ानिया ने बताया कि यह कैंप प्रत्येक महीने में दो बार लगेंगे। इनका उद्देश्य ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना है। साथ ही उनके माता-पिता को भी जागरूक करना है कि वे अपने बच्चों का बेहतर ध्यान रखें। उन्होंने इन कैंप में ज्यादा से ज्यादा अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि अगर उनके बच्चे को कोई दिक्कत है तो वे यहां पर दिखा सकते हैं।
ऐसे बच्चों का डीईआईसी सेंटर में होता है इलाज
जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) शहर के नागरिक अस्पताल में संचालित है। इसमें क्लब फुट, ह्दय में छेद, मोटर विकार डिले (चलने-फिरने में देरी), स्पीच व अन्य जन्मजात विकार वाले बच्चों का चेकअप होता है। अगर किसी में ज्यादा दिक्कत मिलती है तो उनका डीईआईसी सेंटर में फ्री इलाज किया जाता है। इसके लिए गांवों के स्कूलों में स्पेशल कैंप भी लगते हैं और वहां पर कोई बच्चा मिलता है तो उसे जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के लिए रेफर किया जाता है। इसमें बच्चे के इलाज पर लगने वाला पूरा खर्च विभाग ही वहन करता है। हर साल ऐसे बड़ी संख्या में बच्चों का इलाज कराया जाता है।