संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पुलिस हर्ष फायरिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। हर्ष फायरिंग पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी नजर रख रही है। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक गौरव ने बताया कि देखा-देखी कई युवा हथियार लेकर उसे लहराते हुए अलग-अलग पोज में फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं जिससे समाज में गलत संदेश जाता है। इस प्रकार का फोटो अपलोड करने वाले व्यक्ति के साथ ही जिसका हथियार होता है, वह दोषी माना जाएगा। अधिकतर मामले हर्ष फायरिंग से जुड़े होते हैं जो गैर कानूनी हैं। हर्ष फायरिंग करने वालों के विरुद्ध रेवाड़ी पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। सोशल मीडिया पर रेवाड़ी पुलिस की पैनी नजर है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि कोई भी लाइसेंसधारक अपने हथियार को किसी भी अन्य व्यक्ति को न सौंपे। किसी भी व्यक्ति के द्वारा इस प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हथियार का लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा।