रेवाड़ी। एम्स संघर्ष समिति मनेठी के प्रधान श्योताज सिंह ने कहा कि जनता माजरा एम्स निर्माण का बेसब्री से इंतजार कर रही है। समिति कई वर्षों से एम्स निर्माण की मांग उठाती आ रही है, लेकिन एम्स के शिलान्यास को लेकर अधिकृत सूचना नहीं जारी हो सकी है। समिति सदस्य बुधवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
प्रवक्ता राजेन्द्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि अगर सरकार की नीयत में खोट नहीं है। माजरा एम्स की ओर से मरीजों के लिए ओपीडी एवं एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू क्यों नहीं की गई है। पीएम स्वास्थ्य योजना 2003 के अंतर्गत जिन 22 एम्स का निर्माण होना है, उनमें से माजरा एम्स समेत 10 एम्स ऐसे हैं, जो निर्माणाधीन हैं। वहीं उन दसों में से 9 एम्स में मरीजों के लिए ओपीडी खोल दी गई है। वहीं, एमबीबीएस की पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है, लेकिन माजरा एम्स इकलौता एम्स है, जहां पढ़ाई व ओपीडी शुरू नहीं की गई है।
प्रधान ने कहा कि अगर सरकार ने ओपीडी और एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू नहीं करती है तो 2 अक्तूबर को मनेठी तहसील परिसर में महापंचायत का आयोजन कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।