अस्पताल बनाने की मांग को लेकर कंवर सिंह व सतीश यादव अनशन पर बैठे। स्रोत : समिति
रेवाड़ी। एनएच-71 के पास 200 बेड का नागरिक अस्पताल बनाने की मांग को लेकर चल रहा रामगढ़ भगवानपुर का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 137वें दिन भी जारी रहा। क्रमिक अनशन के तहत आज पांचवें दिन कंवर सिंह यादव व सतीश यादव अनशन पर बैठे। धरना स्थल पर परमानंद व नवल चौकीदार बुडाना ने दोनों अनशनकारियों को माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी मांग के समर्थन में नारेबाजी करते हुए अस्पताल निर्माण की घोषणा जल्द करने की मांग दोहराई। धरने की अध्यक्षता राव लाल सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम में रामगढ़ भगवानपुर, मीरपुर, बुड़ाना, बुड़ानी, फिदेड़ी, बालियर, फदनी, तुर्कियावास, सुनारिया, असदपुर खटावली, ढोहकी, नयागांव, गोकलपुर जाट, जाटी, माढैया कला, बालियर खुर्द सहित दर्जनों गांवों के लोगों ने भाग लेकर आंदोलन को समर्थन दिया।