रेवाड़ी। जिले में रविवार को हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से एग्जीक्यूटिव व एलायड सर्विस की प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य सुरेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस मौके पर 29 प्रतिशत अभ्यर्थी ही उपस्थित रहे, जबकि 71 प्रतिशत गैर हाजिर रहे।
परीक्षा केंद्रों पर महेंद्रगढ़, हिसार, भिवानी, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, सोनीपत, पंचकुला आदि जिलों के अभ्यर्थी पहुंचे थे। जिले में 10,680 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। सुबह के सत्र में सिर्फ 2905 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7775 अनुपस्थित रहे। इन्हीं अभ्यर्थियों ने शाम को भी परीक्षा देनी थी। इनमें 2872 ने परीक्षा दी, वहीं 7808 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा देने के लिए सुबह के सत्र में आठ बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने आरंभ हो गए थे। इस बार अभ्यर्थियों का सामान रखने के लिए परीक्षा केंद्र के मुख्यद्वार पर ही व्यवस्था कर दी गई थी इसलिए बाहर दुकानों पर पैसे देने की आवश्यकता नहीं पड़ी। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए परीक्षा केंद्र में आने वाले अभ्यर्थियों के वाहनों की महाराजा अग्रसेन चौक के समीप खेल मैदान पर पार्किंग कराई गई थी।
----------
कहीं सख्ती तो कहीं जांच भी नहीं हुई
कई परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश करने दिया जा रहा था, वहीं कुछ केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों की जांच करने के लिए कर्मचारी ही नहीं थे। कई केंद्रों पर जांच के नाम पर औपचारिकता पूरी की जा रही थी। वहीं कुछ सेंटरों पर सख्ती दिखाते हुए मुख्यद्वार पर कान की बालियां, नाक के नोजल, गले में मंगलसूत्र या हार, हाथों में चुड़ियां, कंगन, कड़े और धागे उतरवाए गए। कुछ केंद्रों पर तो वीडियोग्राफी भी नहीं की गई। हालांकि परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे, जैमर, चेकिग प्वाइंट आदि जरूर बनाए हुए थे। जैमर के चलते मोबाइल नेटवर्क परीक्षा केंद्रों के साथ इसके आसपास के क्षेत्रों में भी बाधित रहे।
----------
प्रशासन को भी मिली राहत
हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य सुरेंद्र सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त स्वप्निल रविद्र पाटिल को नोडल अधिकारी बनाया गया था। इसके अलावा उड़नदस्ता टीम में शामिल ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीएम रेवाड़ी सिद्धार्थ दहिया, एसडीएम कोसली होशियार सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर भीड़ कम रहने और किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होने से प्रशासन के अधिकारियों ने भी राहत महसूस की।
-----------
परीक्षा के लिए कुल पंजीकृत अभ्यर्थी: 10,680
सुबह के सत्र में उपस्थिति: 2905
सुबह के सत्र में अनुपस्थित: 7775
शाम के सत्र में उपस्थित: 2872
शाम के सत्र में अनुपस्थित: 7808
कुल परीक्षा केंद्र बनाए गए थे: 35