हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की 10वीं परीक्षा परिणाम में भी रेवाड़ी जिले ने टॉप किया है। 12वीं के परीक्षा परिणाम में भी जिला प्रदेशभर में अव्वल रहा था। कक्षा 10वीं में जिले का परिणाम 78.68 प्रतिशत रहा। जिले में 9048 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 7,119 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। 801 विद्यार्थी कंपार्टमेंट रहे जबकि 129 विद्यार्थी असफल रहे हैं।
मंगलवार को हरियाणा बोर्ड की 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया। जिले के बेटे-बेटियों ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता पाई है। दसवीं कक्षा में भी इस साल बेटियों का पास प्रतिशत लड़कों के मुकाबले अच्छा रहा है।
जहां लड़कियों का पास प्रतिशत 81.25 प्रतिशत रहा है, वहीं लड़कों का पास प्रतिशत 76.34 प्रतिशत रहा है। जिले के टॉप 6 विद्यार्थियों में से पांच बेटियां हैं व एक बेटा शामिल है। टॉपर्स बच्चों ने बताया कि नियमित पढ़ाई के साथ ही स्कूल में पढ़ाए गए विषयों का घर आकर रिवीजन करना ही तैयारी का मूल मंत्र है।
इंजीनियर बनना चाहती है चंचल
सनराइज हाईस्कूल मस्तापुर की छात्रा चचंल ने 495 अंक प्राप्त कर जिलेभर में टॉप किया है। टहना दीपालपुर निवासी चचंल आईटी इंजीनियर बनना चाहती हैं। पिता दिनेश कारपेंटर है तथा माता रविना ग्रहणी है। चंचल बताती है कि रोजाना पांच से 6 घंटे पढ़ाई करती थी। अपने आप को टीवी मोबाइल से दूर रखती थी। अपनी सफलता का श्रेय अपने मम्मी-पापा और अपने स्कूल के अध्यापकों को दिया है।
डॉक्टर बनना चाहती है अनामिका
बेटी अनामिका के साथ माता-पिता। संवाद
हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल आराम नगर की छात्रा अनामिका ने 495 अंक प्राप्त कर टॉप किया है। वह नीट की तैयारी कर रही है। नीट पास कर एमबीबीएस करने के बाद डॉक्टर बनना चाहती है। अनामिका के पिता सुखबीर किसान है तथा माता सुमन ग्रहणी है। अनामिका का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा जो उन्हें पढ़ाया उसे घर पर भी रिवाइज किया। पांच से छह घंटे तक घर पर बैठकर दिन रात पढ़ाई की, जिससे यह सफलता प्राप्त की। सोशल मीडिया से दूर रही है। उनका हमेशा फोकस केवल अपने लक्ष्य पर रहा है।
डॉक्टर बनना चाहता है साहिल यादव
एसकेजी सीनियर सेकेंडरी स्कूूल भाकली के छात्र साहिल यादव ने 10वीं कक्षा में 495 अंक प्राप्त कर जिलेभर में टॉप किया है। बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रहने वाला साहिल डॉक्टर बनने की ख्वाहिश रखता है। साहिल के पिता सतपाल प्राइवेट जॉब करते है जबकि प्रमिला माता ग्रहणी है। साहिल का कहना है कि उसने यह सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन व अभिभावकों के आशीर्वाद से प्राप्त की है। सोशल मीडिया का बहुत कम प्रयोग किया, लेकिन नियमित रूप से पढ़ाई करता था।
चिकित्सक बनना चाहती है चंचल
चंचल, सर्वोदय स्कूल
सर्वोदय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नंगली परसापुर की छात्रा चंचल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वीं कक्षा में 494 अंक हासिल किए है। चंचल कहती है कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद चिकित्सक बन कर लोगों की सेवा करना चाहती है। चंचल के पिता कृष्ण कुमार प्राइवेट नौकरी करते है तथा माता अनिता ग्रहणी है। चंचल का कहना है कि बिना टयूशन के बिना तनाव रहित पढ़ाई करके शिक्षकों के मार्गदर्शन व अभिभावकों के आशीर्वाद से यह उपलब्धि प्राप्त की है। स्कूल में ध्यान से पढना तथा घर जाकर नियमित रूप से चार से पांच घंटे अभ्यास करने से ही उसे यह सफलता मिली है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया से वह हमेशा दूर रही हैं।
आईटी इंजीनियर बनना चाहती है देवज्योति
बेटी देवज्योति को मिठाई खिलाते परिजन। संवाद
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा देवज्योति ने कक्षा 10 वीं में 494 अंक प्राप्त किए है। देवज्योति के पिता सेना से सेवानिवृत है तथा फिलहाल खेती करते है तथा माता ग्रहणी है। देवज्योति ने बताया कि वह आईटी इंजिनियर बनना चाहती है। इसी को ध्यान में रखकर वह नियमित रूप से पढ़ाई कर रही है। उसका मानना है कि किताबी कीड़ा बनने की बजाय तनाव रहित परीक्षा देना तथा सोशल मीडिया से दूर रहना ही उनकी सफलता का कारण है।
इंजीनियर बनना चाहती है भावना
सेंट कबीर पब्लिक सीनिसर सेकेंडरी स्कूल अलावलपुर धारूहेड़ा की छात्रा भावना ने 493 अंक प्राप्त किए है। भावना शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है। वह इंजीनियरिंग करना चाहती है। भावना के पिता संजीत मैन्युफैक्चिरिंग का कार्य करते है तथा माता शशि ग्रहणी है। भावना का कहना है कि पढने का कोई समय निश्चित नहीं रहा। खेलने, घर के काम में हाथ बंटाने, कुछ समय टीवी देखकर मनोरंजन करते हुए पढ़ाई की। उसका मानना है कि पढ़ाई के समय ध्यान एकाग्र करना आवश्यक है। उसने अपनी उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन व अभिभावकों के आशीर्वाद व सहयोग को दिया है।
पिछले साल के मुकाबले तुलनात्मक रैंकिंग
जिला- 2023- 2022
1. रेवाड़ी- 78.68- 82.92
2. चरखी दादरी- 77.61- 84.12
3. महेंद्रगढ़- 77.55- 84.38
4. पानीपत- 74.30- 82.92
5. जींद- 73.52- 77.88
6. यमुनानगर- 73.09- 78.70
7. फतेहाबाद- 72.40- 69.75
8. झज्जर- 71.60- 81.56
9. हिसार- 68.89- 73.57
10. सिरसा- 65.63- 65.65
11. सोनीपत- 65.61- 85.06
12. कैथल- 65.46- 69.03
13. गुरुग्राम- 64.92- 74.43
14. भिवानी- 64.47- 74.05
15. करनाल- 64.29- 67.48
16. कुरुक्षेत्र- 61.07- 61.06
17. अंबाला- 58.62- 58.36
18. पलवल- 58.15- 74.78
19. रोहतक- 56.65- 77.92
20. पंचकूला- 54.31- 55.24
21. फरीदाबाद- 52.17- 68.92
22. नूंह- 51.68- 57.73