हरियाणा के रेवाड़ी में एयरफोर्स के जवान को चोरी छिपे दूसरी शादी करना महंगा पड़ गया। पहली पत्नी पुलिस लेकर शादी समारोह में पहुंच गई। असलियत खुली तो दूल्हन पक्ष सकते में आ गया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। दूल्हन ने शादी से साफ इंकार कर दिया। बरात तो बैरंग लौटी ही, दूल्हन पक्ष ने दान-दहेज में हुए खर्च के 31 लाख रुपये वसूल लिए। इसके बाद कहीं जाकर दोनों पक्षों में समझौता हुआ।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की 18 फरवरी को शादी होनी थी। गुड़ियानी के ढाणी गांव से बरात आई थी। बताया जा रहा है कि दूल्हा एयरफोर्स में सिपाही है। रात को धूमधाम से बैंड बाजे के साथ बरात पहुंची। शादी समारोह में जश्न का माहौल बना हुआ था। इसी बीच जिला बागपत यूपी की रहने वाली एक युवती पुलिस लेकर वहां पहुंच गई। युवती ने दूल्हे को अपना पति बताकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने कहा कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है। उन दोनों की लव मैरिज हो रखी है। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह बात सुनते ही दूल्हन पक्ष सकते में आ गया। दूल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।
रात में बुलाई गई पंचायत
पहली पत्नी के हंगामे के बाद रात में ही गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने फैसला लिया कि लड़की पक्ष से जो दान-दहेज लिया गया है और शादी में खर्च हुआ है, वह दूल्हा पक्ष देगा। इसके बाद करीब 31 लाख रुपये लौटाने पर दोनों पक्षों में फैसला हुआ।
पूरे क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय
बीती रात शादी में हुए जमकर बवाल के बाद दोनों पक्षों में खूब गर्मागर्मी हुई थी। बताया जा रहा है कि आपस में मारपीट भी हुई। लेकिन, मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पूरे क्षेत्र में ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
शादी में हंगामा होने की जानकारी मिली थी। लेकिन, फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलेगी तो जांच की जाएगी।
- राजेंद्र प्रसाद, प्रभारी, थाना कोसली