रेवाड़ी। सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि हैफेड की ओर से जिले के गांव रामपुरा में शीघ्र ही नया ऑयल-मिल स्थापित किया जाएगा। ताकि रेवाड़ी के लोगों को हैफेड के गुणवत्तायुक्त उत्पाद घर के नजदीक प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि रेवाड़ी जिला के गांव रामपुरा में स्थापित करने वाले नए ऑयल-मिल को स्थापित करने के लिए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और टेंडर की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हैफेड मिल के स्थापित होने से जहां मार्केट में बढ़ रही सरसों के तेल की डिमांड को पूरा करने में मदद मिलेगी, वहीं प्रदेश के किसानों द्वारा पैदा की जा रही सरसों की खपत भी सही से हो सकेगी। इस मिल की पेराई क्षमता आरंभ में 150 टीपीडी होगी, परंतु इसको बाद में 300 टीपीडी तक बढ़ाया जा सकता है। इस मिल की स्थापना होने से जहां करीब 500 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे वहीं इससे दक्षिणी हरियाणा के लगभग 50 हजार किसान लाभांवित होंगे।