निरीक्षण के दौरान बातचीत करते डीएमसी ब्रह्म प्रकाश। संवाद
रेवाड़ी। शहर में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को लेकर डीएमसी ब्रह्मप्रकाश ने शहर का दौरा कर मौके पर ही अधिकारियों को सफाई के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर पाए गए। डीएमसी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से सफाई अभियान चलाने और नियमित रूप से कचरा उठाने के निर्देश दिए। मौके पर ट्रॉमा सेंटर के पास डंपिंग यार्ड बंद करवा दिया गया है। साथ ही बीएमजी माल के पास बना डंपिंग बंद करवाया जाएगा। ब्रह्मप्रकाश ने यह भी कहा है कि शहर में बने तीन अस्थायी डंपिंग यार्ड को बंद किया जाएगा। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कचरे का सही तरीके से निपटान हो सके और लोगों को राहत मिले।