डहीना। गांव लिसान स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में पूर्व सरपंच अक्षय शर्मा ने अपने पिता सुंदर लाल शर्मा की स्मृति में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कराई। कोसली विधायक अनिल यादव ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। विधायक अनिल यादव ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित करना सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और ज्ञान प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी। पूर्व सरपंच अक्षय शर्मा ने कहा कि अपने पिता की स्मृति में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित करना उनके लिए श्रद्धा और सम्मान का विषय है। इस मौके पर सरपंच जयसिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपी चंद, एडवोकेट सुधीर शर्मा डहीना, चेतन शर्मा, रामपाल, पूर्व बीडीपीओ देशबंधु, इंद्र कुमार, कुलदीप सहित अन्य मौजूद रहे।