रेवाड़ी। कोसली अनाज मंडी में चल रही सरसों व गेहूं की खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेते कोसली विधायक
कोसली। कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने शनिवार को कोसली अनाज मंडी में चल रही सरसों और गेहूं की खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों तथा व्यापारियों की समस्याओं को भी सुनकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकार खरीद करेगी। किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की समस्या नहीं आए, इसके लिए किसानों की मांग पर रोस्टर प्रणाली के तहत उनकी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। उन्होंने फसल खरीद व्यवस्था पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाओं का पूरा इंतजाम किए जाएं। उन्होंंने किसानों से भी आह्वान किया कि वे अपनी फसल को पूरी तरह सुखाकर लेकर आए, ताकि उन्हे कोई परेशानी न हो।
कोसली विधायक ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार की ओर से उनकी फसलों की पूरी खरीद की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत करते हुए कहा कि फसल खरीद को लेकर आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करें। कोसली विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल उठान के कार्य को भी सुचारु रुप से कराया जाए, ताकि अव्यवस्था की स्थिति न बने। इस मौके पर व्यापारियों की ओर से कोसली विधायक का फूलमालाओं से स्वागत किया गया, वहीं उन्हें अपनी मांगों से भी अवगत कराया।
इस मौके पर मंडी प्रधान दिनेश, धीरज यादव, रिंकु ठेकेदार, कपिल यादव चेयरमैन सीएमसी, हैफेड मैनेजर धर्मेंद्र, वेयर हाउस मैनेजर नवल, व्यापार मंडल के राजेंद्र सिंहल, भूपेंद्र गुप्ता व्यापार मंडल रेवाड़ी समेत अनेकों व्यापारी तथा पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।