संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव बेरली खुर्द में स्थित मंदिर में सोमवार को प्रसाद लेने गई महिला की तीन तोले की सोने की चेन चोरी हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गांव बेरली खुर्द निवासी बिमला ने बताया कि सोमवार को गांव के मंदिर में भंडारा था। वह अन्य महिलाओं के साथ भंडारे में गई थी और मंदिर में मत्था टेकने के बाद प्रसाद ले रही थी। तभी भीड़ में उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और किसी ने उसके गले से 3 तोले की सोने की चेन खींच ली। धक्का-मुक्की के दौरान ही उसे अहसास हुआ की चेन टूट गई है। जब गले पर हाथ लगाया तो चेन गायब थी। शोर मचाने पर लोग जुटे लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद महिला के पति मुकेश मंदिर पहुंचे। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की गई तो रिकॉर्डिंग स्पष्ट नहीं होने के कारण चेन तोड़ने वाले आरोपी का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर जाटूसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिमला की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।