राजगढ़। गांव मामडिया आसमपुर में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में 42 टीमों ने प्रतिभा दिखाई। इस खेल आयोजन में पथरेड़ी, टींट, देहलावास-गुलाबपुरा, मोतला, रेवाड़ी, खड़गवास, लाधुवास और आसपास के अन्य गांवों से आई टीमें शामिल हुईं। खास यह है कि ओडिशा से आई टीम भी खेल मुकाबले का हिस्सा बनी। इसमें गोहाना की टीम विजेता, जबकि भालोट की टीम दूसरे स्थान पर रही। इस दौरान मुख्य अतिथि अमन यादव ने विजेता गोहाना टीम को 15 हजार और उप विजेता टीम को 11 हजार रुपये का नकद इनाम और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि अमन यादव धामलावास ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की धरोहर हैं। खेल इस धरोहर को समृद्ध और सुरक्षित बनाने का काम कर रहे हैं। ऐसे खेल आयोजन समय-समय पर कराए जाने चाहिए। उन्होंने खेल आयोजन समिति के इस सामाजिक कार्य की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब गांव युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए अपना धन खर्च कर रहा है, वह गांव और वहां के ग्रामीण धन्य हैं। इस मौके पर आयोजन कमेटी एवं प्रबुद्घ ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि का इस कार्यक्रम में शामिल होने पर फूल मालाएं पहनकर और स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मान किया। उधर खेल आयोजन समिति के सदस्यों ने इस आयोजन के मकसद को लेकर कहा कि हमारा उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर समाज में नई प्रतिष्ठा दिलाना और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। खेल आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। इसलिए यह आयोजन कराया गया। खेल आयोजन में चंद्रहास, बिंदर, देशराज, सुनील, राहुल, पूर्व सरपंच महावीर, राजेश, नरेंद्र व अन्य ग्रामीणों ने अहम योगदान दिया।