बावल। राजकीय कन्या महाविद्यालय बावल में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉक्टर अर्चना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर ममता गुप्ता ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी रेखा देवी ने गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉक्टर अर्चना ने महिला सशक्तीकरण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं को खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए। एवं आत्म निर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक सच्चा स्वयंसेवक वह होता है जो अपने लिए नहीं बल्कि समाज एवं राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक राजेश बंसल ने मंच का संचालन किया एवं अतिथियों का धन्यवाद किया। उसके पश्चात एनएसएस के सभी स्वयं-सेविकाओं ने महाविद्यालय के बाहर साथ लगती हुई बस्ती में साफ-सफाई का कार्य किया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टॉफ से डॉक्टर दलीप सिंह, महेश कुमार, अनीता देवी, रेणु, प्रिया, मंजू, सरला देवी, हंसराज एवं महाविद्यालय की एनएसएस की छात्राएं उपस्थित थीं।