संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। एक युवती ने फोन पर वीडियो कॉल कर ब्लैकमेल करके एक लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली। पुलिस को दी शिकायत में खासापुरा निवासी राजेंद्र सोनी ने बताया कि उसकी ज्वेलरी की दुकान है। 5 अगस्त को किसी युवती का फोन आया था। उससे वीडियो कॉल करके सस्ता सोना चांदी के बारे में दो-तीन बार बात की थी। कुछ समय बाद वह युवती उनकी फोटो साथ में लगाकर वायरल करने की धमकी देने लगी। 12 अगस्त को उन्हें फोन आया जिसमें सामने वाले शख्स ने बताया कि वह साइबर पुलिस से बात कर रहा है। कहा कि आपने एक लड़की के साथ फोटो खिंचवा रखी है जिस कारण मुकदमा दर्ज होगा। राजेंद्र सोनी ने बताया कि वह एकदम से डर गया। इस दौरान कहा गया की लड़की से बात करोगे तो मामला सुलझ जाएगा। जब लड़की से बात की तो मामला सुलझाने के लिए 32 हजार मांगे तो ट्रांसफर कर दिए। जब वह नहीं मानी तो फिर 64 हजार भेजे, उसके बाद फिर से 4 हजार 000 रुपये डाले। उन्होंने सुमनलता राणा नाम से नंबर पर फोन पर पैसे डाले थे। बाद में उन्हें पता चला कि उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। करीब 1 लाख रुपये की उनके साथ ठगी हो गई। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।