संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने आमजन से अपने 10 साल पुराने आधार को शीघ्र अपडेट करवाने की अपील की है। कहा कि इससे आमजन को अनेक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना से राशन लेना आसान होगा। कोई भी उपभोक्ता देश में किसी भी डिपो से राशन ले सकेगा।
बताया कि आधार के माध्यम से बैंक खाता खुलवाना आसान होगा। लाभार्थियों को आसानी से लगभग एक हजार डिजिटल सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। सिम कार्ड लेना, आधार से स्कॉलरशिप पाना, इनकम टैक्स रिटर्न करवाना तथा आधार से गुमशुदा लोगों को उनके परिवारजनों से मिलवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत या सुझाव के लिए 1947 डायल करें या मेल करें। डीसी ने सभी विभागाध्यक्षों से पहचान के प्रमाण के रूप में स्वीकार करने से पहले आधार को सत्यापित करने का भी आह्वान किया है ताकि नकली व फोटोशॉप किए गए फर्जी आधार कार्ड की पहचान करने में मदद मिल सके।
एडीसी ने कहा कि यूआईडीएआई के डाटा के मुताबिक जिले में बहुत से ऐसे नागरिक हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों में आधार में अपने दस्तावेज अपडेट नहीं किए हैं। ऐसे में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिन्होंने पिछले 10 वर्षों में अपने आधार को अपडेट नहीं किया है, वे पहचान के प्रमाण (पीओआई) तथा पते के प्रमाण (पीओए) के वैध सहायक दस्तावेजों के साथ आधार को माई आधार पोर्टल या एम आधार एप के माध्यम से ऑनलाइन या निकटतम आधार केंद्र पर जाकर ऑफ़लाइन माध्यम से अपडेट करें।