संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नगर की प्रमुख कॉलोनी टीपी स्कीम 9 में सातवें श्री गणेशोत्सव कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसको लेकर हुई आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। तय किया गया कि समारोह कि शुरुआत 7 सितंबर को कलश यात्रा से होगी।कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं महिलाएं घर-घर जाकर उत्सव का निमंत्रण दे रही हैं। समारोह में विभिन्न कालोनियों के श्रद्धालु भाग लेंगे।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रधान मुकेश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समारोह कि शुरुआत 7 सितंबर को कलश यात्रा से की जाएगी। टीपी स्कीम कांप्लेक्स परिसर में आयोजित इस समारोह में टीपी स्कीम के अतिरिक्त सज्जन कालोनी, गौतम नगर व सुभाष नगर के श्रद्धालु भी भाग लेंगे। कलश यात्रा गौतम नगर गली नंबर दो स्थित श्री विश्वनाथ शिव मंदिर से शुरू होकर विभिन्न कालोनियों से होकर आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। इसी दिन भजन संध्या का आयोजन किया गया है। रविवार 8 सितंबर को प्रतिभा सम्मान समारोह व मेले का आयोजन किया जाएगा।
11 सितंबर को कौन बनेगा भाग्यशाली धार्मिक क्विज प्रतियोगिता व 14 सितंबर को आयोजित डांडिया नाइट मुख्य आकर्षण होंगे। समारोह में आकर्षक झांकियां भी निकाली जाएंगी। प्रतिदिन सुबह 8 बजे व शाम 8 बजे आरती तथा शाम पांच बजे महिला संकीर्तन होगा। 15 सितंबर को सुबह हवन व भंडारे के साथ उत्सव का समापन होगा। बैठक में प्रधान के अतिरिक्त समिति के संरक्षक सतीश अग्रवाल, उपप्रधान अनिल सैनी, सचिव मनोज गोयल, सहसचिव अजय सहगल, कोषाध्यक्ष बलवंत सिंह, सह कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश तनेजा, कार्यकारिणी सदस्य शरद गोयल, योगेश भारद्वाज, हेमंत अग्रवाल समेत सदस्यों एवं महिला समिति को विभिन्न जिम्मेदारी सौंपी गई।