रेवाड़ी। रेवाड़ी-शाहजहांपुर स्टेट हाईवे -15 पर स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग नंबर-61 ए (भाड़ावास फाटक) पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने को लेकर लोग परेशान हैं। एचएसआरडीसी के एसडीओ संजय यादव ने रविवार को मौके का मुआयना किया। बताया गया कि इसी सप्ताह नायब तहसीलदार और तहसीलदार पैमाइश का कार्य पूरा करेंगे। उसके बाद रिपोर्ट एसडीएम विकास यादव को सौंपी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि पैमाइश में अगर रास्ता निकलता है तो इसके बारे में स्थानीय लोगों को जरूर बताया जाएगा। लोग भी इंतजार में हैं कि आखिर कितने क्षेत्रफल में तोड़फोड़ की जाएगी। देवेंद्र, संदीप, राजेश का कहना है कि निर्माणाधीन पुल के पास एक नाला था, जहां पर लोगों ने कब्जा कर घर बनवा लिया है।
अब प्रशासन का कहना है कि पैमाइश कर जमीन को चिह्नित किया जाएगा और यह जानने की कोशिश की जाएगी कि आखिर कितने क्षेत्रफल में तोड़फोड़ बाकी है। तोड़फोड़ करने के बाद ही सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ पाएगी। देवेंद्र का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने सर्टिफाइड रिपोर्ट में कुल चौड़ाई 88 फुट बता रखी है। जो 54 फुट रास्ता बचा है, उसके बारे में कोई भी बात नहीं की जा रही है।