संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। ग्राम गोठड़ा अहीर स्थित सैनिक स्कूल में एनसीसी का 76वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता रैली निकाली। ड्रिल प्रदर्शन कर स्वच्छता अभियान चलाया। एनसीसी के स्थापना दिवस का शुभारंभ एनसीसी गीत से किया गया। प्राचार्य कैप्टन ब्रिजकिशोर व विद्यालय एनसीसी कमांडिग ऑफिसर विंग कमांडर सुनैना चाहर ने विद्यालय कप्तान रुद्राक्ष व एनसीसी कैडेट्स के साथ केक काटकर एनसीसी का स्थापना दिवस मनाया। उनके साथ एनसीसी एएनओ व प्रशिक्षक मौजूद रहे। इसके बाद विद्यालय कप्तान ने कैडेट्स को एनसीसी शपथ दिलवाई। इस अवसर पर कैडेट मोहुल ने एनसीसी दिवस का महत्व बताया कि प्रतिवर्ष नवंबर महीने में आखिरी (चौथे) रविवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर दिवस मनाया जाता है। भारत में 1948 में एनसीसी का गठन किया गया था। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने नवंबर 1948 के आखिरी (चौथे) रविवार को दिल्ली में पहली एनसीसी इकाई के गठन के समारोह की अध्यक्षता की थी। इसी कारण प्रतिवर्ष इस समय को एनसीसी दिवस के रूप में मनाया जाता है।