रेवाड़ी जिला पुलिस ने गबन करने वाले जनप्रतिनिधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी मे थाना खोल पुलिस ने गांव लोहाना के पूर्व सरपंच को 5.11 लाख रुपये के पंचायती फंड में गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ बीडीपीओ की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।
डहीना के बीडीपीओ की ओर से नौ मई को पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया गया था कि लुहाना के पूर्व सरपंच में अपने कार्यकाल के दौरान गांव में डार्क जोन में बिना अनुमति पंचायती जमीन पर ट्यूबवेल बनवा दिया। पूर्व सरपंच ने गांव की गलियों के निर्माण में अनियमितताएं बरतते हुए 30 जून 2017 को अनाज मंडी रेवाड़ी से 2.76 लाख रुपये के फर्जी बिल बनाकर भुगतान करा लिया। पूर्व सरपंच पर चौपाल व आंगनबाड़ी के निर्माण में से लेकर मनरेगा के तहत रेखा नाम की महिला को 22577 रुपये का फर्जी भुगतान किया था।
आरोपों की जांच उप मुख्य अभियंता, पंचायती राज ने करते हुए डीसी को रिपोर्ट प्रेषित की थी। डीसी ने पूर्व सरपंच के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने बीडीपीओ की शिकायत के आधार पर पूर्व सरपंच शक्ति सिंह के खिलाफ गबन का केस दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी शक्तिसिंह को गिरफ्तार कर लिया। उससे गबन की राशि रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।