कोसली (रेवाड़ी)। कोसली में तेंदुए को लेकर फैली अफवाह के बाद वन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ चुका है। दूसरी तरफ क्षेत्र के लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है। लोग खेतों में जाने से काफी डर रहे हैं। लोगों को डर है कि कहीं तेंदुआ उन पर हमला न कर दे।
गांव लिलोढ़ में ग्रामीणों ने दावा किया गया है कि खेत में तेंदुआ देखा गया है जिसके बाद काफी हंगामा भी हुआ था। उसके बाद से ही गांव में एकदम से माहौल बदल चुका है। लोग खेतों में जाने पर कई बार सोच रहे हैं। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि हो सकता है कि कोई दूसरा जानवर देख लिया हो। जो भी हो मगर स्थिति इतना तनावपूर्ण बनी हुई है। बच्चों को घर से दूर खेलने के लिए नहीं भेजा जा रहा है। स्कूल में अगर बच्चे जा भी रहे हैं तो छोड़ने के लिए माता-पिता साथ में जाते हैं। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी और कोसली क्षेत्र का बताया जा रहा था। वन विभाग ने इसे अफवाह बताया था। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को लेकर फिलहाल किसी तरह की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। तेंदुआ दिखता है तो इसकी जानकारी कार्यालय में दी जाए।