बावल। गांव नांगल शाहबाजपुर में किराना की दुकान और गोदाम में आग लगने से काफी सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि आसपास के रहने वाले लोगों के घरों में भी दरार आ गई और उनके दरवाजे जल गए। गनीमत यह रही कि दुकान के ऊपर पर रहने वाले दुकान मालिक सहपरिवार सुरक्षित निकाल लिए गए। जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दुकानदार का कहना है कि उसका लाखों रुपये का माल जल गया है।
नांगल शाहबाजपुर निवासी नवीन कुमार ने बताया कि उसकी गांव में किराना की दुकान है और दुकान में ही गोदाम बनाया हुआ है। जिसमें सामग्री और पशु चारा भरा हुआ था। दुकान की छत पर ही उसका निवास स्थान है। बीती देर रात उसके परिजनों को जलने की बदबू आई तो उन्होंने जाकर देखा तो उसकी दुकान से धुआं निकल रहा था।
दुकान खोलकर देखी तो अंदर भयंकर आग लग चुकी थी और दुकानों में रखे पटाखे जलने की आवाज आ रही थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया और लोगों की मदद करने के बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदार नवीन कुमार ने बताया कि उसने अभी 2 दिन पहले ही पशुओं का खल काकड़ा व अन्य प्रकार का कई लाखों का सामान भरा था। आग इतनी भयंकर थी कि दुकान की छत पर बनी लकड़ी की घाटी पूरी तरह जल चुकी है और पटाव टूट कर नीचे भुरभुरा कर गिरने लगे हैं। पड़ोसियों के मकानों में दरार आ गई हैं और उनके दरवाजे भी जल गए हैं। गनीमत यह रही कि वह छत पर रहते थे थोड़ा सा देर हो जाती तो छत भी गिर सकती थी जिससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया।