मछलियों के लिए मुर्गियों के अवशेष लेकर जा रहे युवकों की लोडिंग गाड़ी से एक कट्टा (प्लास्टिक बैग) वीरवार की सुबह गांव चांदनवास के मुख्य रास्ते पर गिर गया। सुबह घूमने जा रहे गांव के युवकों ने गाड़ी में सवार युवकों पर मंदिर की तरफ जाने वाले मार्ग पर मांस के टुकड़े फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद रोहडाई थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बैग गलती से गिर गया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार रोहतक निवासी दो युवक अपनी लोडिंग गाड़ी में मुर्गियों के अवशेष लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-352 से जा रहे थे। गांव चांदनवास के पास मुर्गियों के अवशेष से भरा एक कट्टा गाड़ी से सड़क पर गिर गया। गाड़ी से कट्टा गिरने से मुर्गियों के अवशेष भी सड़क पर बिखर गए। गाड़ी में सवार दोनों युवक अवशेष उठा कर वापस कट्टे में डाल रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए और मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मांस फेंकने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। युवकों ने वीडियो भी बना ली। सूचना के बाद रोहडाई थाना एसएचओ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
रोहडाई थाना एसएचओ रामानंद ने बताया कि पूछताछ व जांच के बाद पता लगा कि दोनों युवक मछली पालन व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और मछलियों को डालने के लिए मुर्गियों के अवशेष गाड़ी में लेकर रोहतक जा रहे थे। गाड़ी से अवशेष से भरा एक कट्टा गिर गया था। जानबूझकर अवशेष नहीं फेंके गए थे। दोनों युवकों के बारे में भी पुलिस ने जानकारी जुटाई। पूरा मामला स्पष्ट होने के बाद ग्रामीण भी शांत हो गए और गलतफहमी भी दूर हो गई। जांच के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया गया।