संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के एक गांव में एक पिता तीन साल से नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि इस घिनौने कार्य में मां भी पिता का साथ दे रही थी। वह बेटी को जबरदस्ती पिता के साथ भेजती थी। इन्कार करने पर मारपीट करती थी। नाबालिग ने महिला थाना पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग ने बताया कि तीन साल पहले वह नौंवी कक्षा में पढ़ती थी। उस समय पिता ने डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा ने मामले की जानकारी अपनी मां को दी, लेकिन आरोपी का विरोध करने की बजाय मां ने नाबालिग बेटी को ही डरा-धमका दिया।
उसने बताया कि बाद उसकी मां जबरदस्ती उसे पिता के पास भेजने लगी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पहले पिता से परेशान होकर अपने हाथ व पैर की नसें भी काट ली थी, लेकिन वह बच गई थी। मां व पिता उसे कही भी नहीं जाने देते और घर के अंदर ही रखते हैं। जब पिता अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो नाबालिग मंगलवार को महिला थाना पहुंची और पुलिस को मामले की जानकारी दी। महिला थाना पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर दुष्कर्म, धमकी देने व पॉक्सो के तहत केस दर्ज कर देर रात आरोपी पिता व मां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों का कोर्ट में पेश किया, जहां दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।