संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 9 साल की बेटी के घी खाने से नाराज पिता ने उसे बेरहमी से पीटा। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी महिला ने बताया कि उसका पति संतलाल शराबी है। उसके दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी की उम्र 9 वर्ष और छोटे लड़के की उम्र 7 साल है। पति रोजाना शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। बीते दिन वह बच्चों को घर पर छोड़कर मजदूरी करने गई थी। जब वह घर पहुंची तो पता चला कि उसके पति संतलाल ने बेटी को बुरी तरह पीटा है। मासूम बेटी ने बताया कि उसने घी डालकर खाना खा लिया। इससे नाराज होकर पिता ने उसकी पिटाई की। बेटी का शरीर देखा तो उसकी कमर पर काफी चोट लगी हुई थी। महिला ने जब इसको लेकर अपने पति से बात की तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। पत्नी की शिकायत के बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 323, 506 व 75जेजे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।