रेवाड़ी,बावल। जिले में खाद को लेकर कई दिनों से मारामारी चल रही है। मंगलवार को शहर की नई अनाज मंडी व बावल में खाद की खेप आई। खाद आने की सूचना के बाद दुकानों पर खाद लेने वाले किसानों की लंबी कतार लग गई। अनाज मंडी में सरकारी दुकानों पर 1920 बैग आए, जिनमें 1020 बैग इफ्को व 900 बैग को-आपरेटिव सोसाइटी की दुकान में आए। इस दौरान इफ्को की सरकारी दुकान पर खाद लेने वाले किसानों की लंबी क़तार लग गई, जहां भीड़ के चलते काफी मारामारी भी हुई। को-आपरेटिव सोसायटी में ये कट्टे बुधवार सुबह से बिकने शुरू होंगे। वहीं बावल में खाद लेने वाले किसानों की वजह से करीब 2 घंटे तक रोड जाम रहा, जिसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले में खाद की मांग ज्यादा व आपूर्ति कम होने की वजह से किसानों को काफी परेशानी हो रही है, जिसके चलते उन्हें प्रतिदिन खाद लेने के लिए दुकानों पर लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। सरसों व गेहूं की बिजाई के बाद अब सिंचाई का समय निकलता जा रहा है, इस बीच खाद न मिलने को लेकर किसानों में सरकार के प्रति रोष है। किसानों ने बताया कि पहले बिजाई के समय डीएपी की किल्लत थी और अब यूरिया की भी भारी कमी है जिस वजह से फसल को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि वो करीब पिछले 10-12 दिन से सरकारी दुकानों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अभी तक तो खाद मिला नहीं है, आज आई है लेकिन मिलेगी या नहीं अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
खाद को लेकर हुई धक्का मुक्की
शहर की नई अनाज मंडी व बावल में खाद की दुकानों पर खाद लेने वाले किसानों के बीच मारामारी व आपस में धक्का-मुक्की हुई। खाद मिलने की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में किसान क़तार में खड़े हो गए। जिन्हें करीब 3-4 घंटे तक खड़े रहकर खाद का इंतजार करना पड़ा। वावल में करीब 2 घंटे तक जाम रहा। जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी हुई, वहीं कुछ वाहन चालक अन्य रास्तों से अपने गंतव्य तक पहुंचे। हालांकि खाद मिलने की वजह से किसानों को राहत मिली ।
आज सुबह-सुबह पता चला की मंडी में खाद मिल रहा है इसलिए बाइक में 60 रुपये का पेट्रोल फूंककर आया हूं लेकिन अब यहां लाइन बहुत लंबी है, मुझे तो लगता नहीं कि खाद मिलेगा। लेकिन अब क्या कर सकते हैं, जिले में ही नहीं पूरे देश में ही इस समय खाद की किल्लत चल रही है।
रामोतार, कालका
सुबह 6 बजे से ला इन में खड़ी हैं लेकिन अभी तक खाद नहीं मिला। खेतों की सिंचाई करनी है, जो सूख रहे हैं, लेकिन अभी तक खाद नहीं मिली तो अब सिंचाई कैसे होगी। हमारी मांग है कि रेवाड़ी जिले में खाद प्रयाप्त मात्रा में पहुंचाया जाए, किसानों को पेरशानी न हो।
- नीतू, प्राणपुरा
सुबह साढ़े 6 बजे से लाइन में लग रही हूं लेकिन अभी तक तो खाद मिला नहीं है। हालांकि बार-बार यही सुनने में आ रहा है कि मिलेगा-मिलेगा, लेकिन अभी तक तो मिला है नहीं।
- गीता, प्राणपुरा
सुबह 6 बजे से लाइन में खड़ी हूं लेकिन खाद अभी तक नहीं मिला। पिछले कई दिनों से इसी तरह लाइन में लग रही हूं लेकिन नंबर आते-आते खत्म हो जाता है।
अनिता, बावल
इफ्को की दुकान पर 1020 बैग खाद के आए हैं और किसानों को दे रहे हैं। आराम से खाद बांटी जा रही है, सभी को मिलेगी, हमने अभी और बैग मंगाने का प्रस्ताव डाल दिया है।
आशीष कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी इफ्को, रेवाड़ी।
कल शाम को 900 बैग खाद के आए थे, लेकिन अभी मैं दुकान पर मौजूद नहीं हूं। अब बुधवरी सुबह खाद बांटना शुरू करूंगा।
अनिल कुमार, खाद विक्रेता