संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के युग में भारत निर्वाचन आयोग हाईटेक तरीके से लोकसभा आम चुनाव कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है। इस बार के लोकसभा आम चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने कई मोबाइल ऐप व पोर्टल लॉन्च किए हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया से संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन में आयोग के साथ-साथ राजनीतिक पार्टियों व उम्मीदवारों को सुविधा होगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लॉन्च किए गए सुविधा पोर्टल के माध्यम से चुनाव प्रचार गतिविधियों के लिए ऑनलाइन अनुमति मिलेगी। चुनाव अभियान अवधि के दौरान जब पार्टियां और उम्मीदवार मतदाताओं तक पहुंचने के लिए गतिविधियों में व्यस्त होते हैं, तो उस दौरान यह सुविधा पोर्टल पहले आओ-पहले पाओ के सिद्धांत पर पारदर्शी रूप से विविध श्रेणी के तहत अनुमति अनुरोधों पर कार्रवाई करता है।