रेवाड़ी। किशनगढ़ बास थानाक्षेत्र के रूंध, गिदावड़ा में गोकशी व बीफ मंडी संचालन को लेकर पुलिस अधिकारियों और नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। किशनगढ़ बास के पूर्व विधायक और तत्कालीन एसपी को इस पूरे मामले की जानकारी थी। इसके बावजूद आज तक आरोपियों पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। अब जब मामला पेचीदा हो रहा है तो अधिकारी से लेकर नेता एक दूसरे पर पासा फेंक रहे हैं।
किशनगढ़ बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि उन्होंने खैरथल तिजारा के तत्कालीन एसपी सुरेंद्र सिंह को कई बार गोकशी को लेकर जानकारी दी थी। इसके बावजूद कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, तत्कालीन एसपी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि गोकशी को लेकर डीएसपी सुरेश व तत्कालीन थाना प्रभारी ने किसी प्रकार की सूचना नहीं दी। केवल गुमराह करके रखा गया। अगर शिकायत मिलती तो जरूर मौके पर जाकर कार्रवाई की जाती। अब कॉल डिटेल की जांच होने के बाद ही मामले का खुलासा होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने इस प्रकार की कभी भी कोई जानकारी नहीं दी है। वहीं डीएसपी सुरेश का कहना है कि एसपी द्वारा उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं। गोकशी को लेकर उनके पास कभी कोई मामला सामने ही नहीं आया।
सरकारी जमीन पर चल रहा था गोकशी का पूरा खेल
इस पूरे मामले में खास बात यह भी है कि जिस जगह पर गोकशी का खेल चल रहा था, वह पूरी जमीन भी सरकारी थी। दरअसल, राजस्व विभाग की जांच में बीफ मंडी की ढाल बने अवैध खेतों पर कब्जा कराने में बिरसंगपुर ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच और एक लिपिक की भी भूमिका सामने आ रही है। इन लोगों द्वारा ही सरकारी भूमि को अराजकीय बताते हुए एनओसी जारी कर बिजली कनेक्शन दिलाए थे। बिजली कनेक्शन की फाइल पर ग्राम सेवक की मुहर और कनिष्ठ लिपिक और तत्कालीन सरपंच के हस्ताक्षर मिले हैं। सरपंच ने आरोपों का खंडन किया है। फिलहाल सरकारी जमीन से अब अवैध कब्जे को हटा दिया गया है।
इकबाल व वारिश अभी तक पुलिस की गिरफ्तार से बाहर
मामले में अभी तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, मगर मास्टरमाइंड इकबाल व वारिश अभी तक पुलिस की गिरफ्तार से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में अभी तक तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित 46 कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
48 घंटे के बाद ही एसपी का किया तबादला
राजस्थान सरकार द्वारा वीरवार देर रात आदेश जारी कर 11 जिलों के एसपी के ट्रांसफर कर दिए। भिवाड़ी में लगाए गए एसपी अनिल कुमार बेनीवाल का भी 48 घंटे के बाद ही तबादला कर सिरोही एसपी लगा दिया गया। अब भिवाड़ी में कोटपूतली बहरोड की एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी को लगाया गया है। भिवाड़ी एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने कार्यभार संभालते ही भिवाड़ी में दो पुलिस निरीक्षक और आठ उपनिरीक्षकों के तबादले भी कर दिए थे।
विधायक बाबा बालक नाथ ने खुद संभाला मोर्चा
एसपी से मीटिंग कर मामले में फीडबैक लिया है। मौका स्थिति, गोकशी व गोतस्करी में लिप्त आरोपियों के बारे में जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जानी है। सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर कार्रवाई हो चुकी है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।
-महंत बाब बालकनाथ, विधायक, तिजारा (राजस्थान)