शहर के कालका रोड पर वाल्मीकि ट्रस्ट के नाम पर बनी 47 दुकानों को प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को तुड़वा दिया। इस ट्रस्ट का प्रधान आलू गैंग का गैंगस्टर सुनील ढुलगच है जो फिलहाल गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद है। आरोप है कि कमेटी से बिना नक्शा पास कराए अवैध तरीके से दुकानें बनाकर लोगों को दुकानें किराए पर दी हुई थी। इस तोड़फोड़ की कार्रवाई में दो बुलडोजर लगे रहे। रात को प्रशासनिक अधिकारी यहां पर पहुंचे और दुकानदारों को सुबह तक दुकानें खाली करने के निर्देश दिए गए। रात को ही दुकानदारों ने दुकानों को खाली करना शुरू कर दिया। दुकानों को खाली करने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे तक चलती रही।
ये अधिकारी रहे मौके पर मौजूद
शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे कार्रवाई शुरू हो गई थी। नगर परिषद के अधिकारियों के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार भूपसिंह, डीएसपी अमित भाटिया, डीएसपी सुभाष चंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई। तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में दुकानदार सहित अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।
कार्रवाई पर विधायक चिरंजीव ने खड़े किए सवाल
मामले की सूचना के बाद स्थानीय कांग्रेसी विधायक चिरंजीव राव भी पहुंचे और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। जब पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे तो वे यहां से चले गए। जब तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई तो आम आदमी पार्टी के नेता राजेश शर्मा वहां पहुंचे और हंगामा करने लगे तो पुलिस उसे पकड़ कर गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। हालांकि इससे पहले ही पुलिस प्रशासन की तरफ से रोड को दोनों तरफ से बंद कर वहां एकत्रित हुए लोगों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया और रोड पर बैरिकेड् लगा कर दोनों तरफ से बंद कर दिया गया।
खामियां हैं तो ट्रस्ट के प्रधान पर हो कार्रवाई
प्रशासन ने 29 सितंबर तक इन सभी दुकानों को खाली करने का नोटिस ट्रस्ट के गेट पर चस्पा दिया था। 30 सितंबर को तोड़फोड़ की कार्रवाई की डेडलाइन दी गई। इन दुकानों पर व्यापार करने वाले लोगों का कहना है कि नगर परिषद ने 2 दिन पहले नोटिस चस्पा किया है। उन्होंने 12 से 15 लाख रुपये देकर पगड़ी पर दुकानें ली हुई हैं जिसका हर माह किराया भी चुकता करते हैं। दुकानदारों ने कहा कि अगर दुकानों को बनाने में किसी तरह की खामियां हैं तो ट्रस्ट के प्रधान पर कार्रवाई होनी चाहिए। इन खामियों को पूरा करने के लिए उन्हें समय दिया जाना चाहिए। त्योहार के सीजन में इस तरह तोड़फोड़ करने से उनका पेट पालना भी मुश्किल हो जाएगा। वहीं बीती रात पुलिस बल क्षेत्र में आया, जिसे देखकर कुछ लोगों ने रात में ही दुकानें खाली करनी शुरू कर दी थी। इस दौरान पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव भी मौके पर पहुंचे और कहा कि अगर किसी ने गलत किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। दुकानदारों ने कोई गलती नहीं की है।
संगीन मामलों में नामजद सुनील डुलगच
रेवाड़ी के कुख्यात बदमाश रहे रवि उर्फ आलू की हत्या होने के बाद सुनील ढुलगच ने गैंग की कमान संभाली। सुनील पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, लूट जैसे 28 संगीन मामले दर्ज हैं। उसकी शहर के ही कुख्यात बदमाश राजकुमार उर्फ झोंटा की गैंग से दुश्मनी चली आ रही है। दोनों गैंग के बीच कुछ दिनों पहले भी टकराव हुआ था। सुनील और उसके ज्यादातर गुर्गे फिलहाल जेल में बंद हैं।
क्षेत्र की बिजली कराई बंद
तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होने के साथ ही प्रशासन की तरफ से बिजली आपूर्ति को भी बंद करवा दिया गया था। बिजली कर्मचारियों की टीम भी तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान मौजूद रही। इस मार्केट के कौन पर लगाए गए ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई थी।
सरकार के आदेश थे अवैध रूप से बनाई गई दुकानों को गिराया जाए। आगे भी अगर सरकार के ऐसे कोई आदेश आते हैं तो नगर परिषद की तरफ से कार्रवाई की जाएगी।
- केके यादव, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद रेवाड़ी।
- नगर परिषद के ईओ की तरफ से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सहायता मांगी गई थी। उसके अनुसार पुलिस सहायता उपलब्ध कराई गई है। महिला पुलिस सहित करीब सौ पुलिस कर्मी सुबह ही यहां पर तैनात कर दिए गए थे।
- सुभाष चंद्र, डीएसपी, रेवाड़ी।