संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के रेवाड़ी, कोसली और बावल विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ। कहीं से भी मारपीट या हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली। बूथों पर अर्धसैनिक बल के जवान और पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। अनाधिकृत लोगों को बूथ में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
रेवाड़ी, कोसली और बावल सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके हुआ। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने खुद मतदान केंद्रों पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मतदान कार्य में लगे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को दिशा निदेश दिया। वहीं चुनाव को लेकर लघु सचिवालय के कमरा नंबर 203 में स्थापित किए कंट्रोल रूम से मतदान की निगरानी की जाती रही। जहां-जहां से सूचना मिली वहां, वहां की जानकारी अधिकारियों को दी गई। इसके बाद अधिकारी संबंधित बूथों पर पहुंचते रहे।
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मॉकपॉल के बाद मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई। आरओ एवं एसडीएम रेवाड़ी सुरेन्द्र कुमार, आरओ एवं एसडीएम बावल उदय सिंह व आरओ एवं एसडीएम कोसली विजय कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। लोगों ने उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लेकर मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के पर्व में अपनी आहुति दी। नए मतदाताओं ने भी पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं, मतदान में बुजुर्गों व महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों ने भी उत्साह से मतदान किया। करीब 5000 हजार कर्मचारी ड्यूटी पर लगाए थे।
पिंक बूथ रहे आकर्षण का केंद्र
विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए पिंक बूथ पर महिला कर्मियों की तैनाती की गई थी। पिंक बूथ पर महिलाओं ने मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाया। पिंक बूथ को विशेष तौर पर गुलाबी गुब्बारों से सजाया गया था। पिंक बूथ पर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने वाले संदेश बोर्ड भी लगाए गए थे। सेक्टर 1 के अंत्योदय भवन में पीतल नगरी थीम पर आधारित मतदान केंद्र स्थापित किया गया था, जो मतदाताओं के आकर्षण का केंद्र रहा। इन बूथों पर मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए थे, जिन पर मतदाताओं ने सेल्फी ली। विधानसभा आम चुनाव में रेड क्रॉस सोसायटी का भी काम बेहद सराहनीय रहा। बुजुर्ग, दिव्यांग मतदाताओं को रेड क्रॉस की टीमों ने व्हील चेयर के माध्यम से मतदान में सहायता की।