रेवाड़ी। डीसी, राहुल हुड्डा। स्त्रोत : डीपीआरओ
रेवाड़ी। लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसकी सभी को पालन करना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि सभी राजनीतिक दलों को घोषणा पत्र जारी करने के तीन दिन के अंदर चुनाव घोषणा पत्र की तीन कापियां सीईओ कार्यालय, चंडीगढ़ में जमा करवानी होंगी। किसी भी राजनीतिक दल को कोई रैली या रोड शो करना है तो उसकी अनुमति संबंधित जिला अथॉरिटी से लेनी जरूरी है। रोड शो के दौरान सड़क जाम नहीं होना चाहिए। जहां पर अस्पताल और ट्रामा सेंटर होगा वहां से कोई भी राजनीतिक पार्टी रोड शो का काफिला नहीं निकालेगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा किसी भी रेस्ट हाउस, डाक बंगला और सरकारी मकान का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोई भी राजनीतिक व्यक्ति अपने भाषण में जाति, धर्म से संबंधित शब्दों को प्रयोग नहीं कर सकेगा। जिला स्तर पर बनाई गई इलेक्शन एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग टीम उम्मीदवार के कार्यक्रमों पर विभिन्न प्रकार से नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि इलेक्शन एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग टीम उम्मीदवार द्वारा खर्च की गई पाई-पाई का हिसाब रखेगी और उसकी सूचना देगी।