बावल। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (एचएसईएनबी) की टीम ने बावल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक डंपर को सीज करवाया। जांच के दौरान डंपर के पास ई-रवाना बिल मिला, लेकिन आवश्यक आईएसटीपी पास नहीं था। इसके बाद वाहन को कसौला चौक स्थित भारी वाहन पार्किंग में खड़ा करवाकर खनन विभाग के माध्यम से सीज करवाया गया। एचएसईएनबी रेवाड़ी की टीम में एएसआई अजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और हेड कांस्टेबल रामकिशन शामिल थे। टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बावल क्षेत्र में खनन से संबंधित वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक डंपर को रुकवाकर उसके दस्तावेजों की जांच की गई। ई-रवाना बिल होने के बावजूद आईएसटीपी पास नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।